कैलाखान में टैक्सी चालक से मारपीट करने वाले तीन युवकों पर पुलिस की कार्रवाई
June 26, 2026
•
74 views
शहर
नैनीताल: कैलाखान में टैक्सी चालक से मारपीट करने वाले तीन युवकों पर पुलिस की कार्रवाई
नैनीताल। भवाली रोड स्थित कैलाखान क्षेत्र में पर्यटकों को कम किराये में गंतव्य तक पहुंचाने वाले एक टैक्सी चालक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपित युवक भी टैक्सी चालक बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात कैलाखान के समीप एक टेंपो ट्रैवलर से कुछ पर्यटक उतरे और नैनीताल पहुंचने के लिए वहां मौजूद टैक्सी चालकों से किराया पूछा। आरोप है कि पर्यटकों को एक वाहन के लिए एक हजार रुपये किराया बताया गया। किराया अधिक लगने पर पर्यटक पैदल ही नैनीताल की ओर जाने लगे।
इसी दौरान नैनीताल की ओर जा रही एक खाली टैक्सी को पर्यटकों ने रोक लिया। बताया जा रहा है कि टैक्सी चालक ने पर्यटकों की मदद करते हुए उन्हें कम किराये पर अपने वाहन में बैठा लिया। इससे नाराज कुछ टैक्सी चालकों ने पर्यटकों को ले जा रहे चालक के साथ मारपीट कर दी।
घटना की सूचना पर्यटकों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बुधवार शाम संबंधित युवकों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की गई।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में तल्लीताल निवासी प्रकाश चंद्र, बालम सिंह और सुरेंद्र सिंह के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने तथा पर्यटकों और अन्य नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
– गणेश चंद्र कांडपाल
फॉलो करें: पहाड़ीस इन इंडिया न्यूज पोर्टल
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!