हॉकी के बाद अब फुटबॉल का महासंग्राम, 103वीं ऐतिहासिक लैन्डो लीग 5 जुलाई से
June 25, 2026
•
84 views
खेल
नैनीताल: हॉकी के बाद अब फुटबॉल का महासंग्राम, 103वीं ऐतिहासिक लैन्डो लीग 5 जुलाई से
50 से अधिक टीमें लेंगी हिस्सा, नैनीताल में शुरू हुई तैयारियां
नैनीताल। 100वीं अखिल भारतीय ट्रेडर्स कप हॉकी प्रतियोगिता के सफल समापन के बाद अब नैनीताल में फुटबॉल का रोमांच छाने वाला है। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन (डीएसए) नैनीताल की प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक लैन्डो लीग फुटबॉल प्रतियोगिता आगामी 5 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इस वर्ष प्रतियोगिता का 103वां संस्करण आयोजित किया जाएगा, जो इसे प्रदेश की सबसे पुरानी और गौरवशाली फुटबॉल प्रतियोगिताओं में शामिल करता है।
नैनीताल की खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बन चुकी इस प्रतियोगिता में हर वर्ष स्थानीय स्तर की दर्जनों टीमें भाग लेती हैं। इस बार भी शहर और आसपास के क्षेत्रों की 50 से अधिक टीमें मैदान में उतरकर खिताब के लिए संघर्ष करेंगी। प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मानी जाती है।
प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर डीएसए परिवार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 
बुधवार को डीएसए मैदान में पदाधिकारी और सदस्य मैदान की साफ-सफाई, मरम्मत तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। तैयारियों में डीएसए महासचिव मनोज जोशी, उपसचिव खीमराज देउपा, फुटबॉल सचिव पवन खनायत, क्रिकेट सचिव रवि प्रकाश जोशी, वॉलीबॉल सचिव शैलेंद्र बर्गली, बास्केटबॉल सचिव हरीश जोशी, भुवन बिष्ट, सभासद भगवत रावत, मुकुल जोशी, जलज वर्मा सहित डीएसए के कर्मचारी सक्रिय रूप से जुटे रहे।
डीएसए पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए 30 जून तक प्रवेश आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का ड्रा जारी किया जाएगा और मुकाबलों का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
खेल प्रेमियों का कहना है कि ट्रेडर्स कप हॉकी प्रतियोगिता के बाद अब लैन्डो लीग फुटबॉल नैनीताल में खेल उत्सव का माहौल बनाएगी। खिलाड़ियों और दर्शकों में प्रतियोगिता को लेकर अभी से उत्साह देखा जा रहा है।
खेल और उत्तराखंड की हर बड़ी खबर के लिए फॉलो करें — Pahadisinindia News Portal।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!