नैनीताल में टूरिस्ट पर लापरवाही का आरोप, बाइक को टक्कर मारने के बाद करीब 68 हजार के बिल पर विवाद
May 22, 2026
•
59 views
दुर्घटना
नैनीताल: नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में एक टूरिस्ट पर रॉन्ग साइड आकर बच्चे की बाइक को टक्कर मारने का आरोप लगा है। हादसे के बाद घायल बच्चे के परिवार ने पर्यटक पर पहले समझौते की बात करने और बाद में नुकसान की भरपाई से मुकरने का आरोप लगाया है।
परिवार के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब बच्चा बाइक से जा रहा था। आरोप है कि सामने से रॉन्ग साइड आए वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि बच्चे को गंभीर चोटें नहीं आईं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के सामने टूरिस्ट ने तीन हजार रुपये देकर मामला खत्म करने और बाइक का पूरा खर्च उठाने की बात कही। इसी दौरान जब बच्चे ने पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो कथित तौर पर उसका मोबाइल भी कुछ देर के लिए अपने पास रख लिया गया।
बाद में बाइक को शोरूम में दिखाया गया, जहां रिपेयर का कुल बिल करीब 68,811 रुपये आया। बिल में लगभग 56,580 रुपये के पार्ट्स और 11,800 रुपये लेबर चार्ज सहित टैक्स शामिल हैं। 
परिवार ने जब यह बिल आरोपी पक्ष को भेजा तो पहले आधी रकम देने की बात कही गई, लेकिन बाद में नंबर ब्लॉक कर संपर्क बंद कर दिया गया।
परिवार का आरोप है कि टूरिस्ट लगातार यह कहता रहा कि बच्चा 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रहा था। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बाइक इतनी तेज गति में होती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि दोबारा संपर्क करने पर उन्हें ही दबाव बनाने वाला बताया गया। बातचीत के दौरान कथित तौर पर यह भी कहा गया कि “अगर मैं मौके से भाग जाता, तो आप मुझे ढूंढ भी नहीं पाते।”
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि उत्तराखंड की सादगी और शांत स्वभाव को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। स्थानीय नागरिकों ने पर्यटकों से जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ वाहन चलाने की अपील की है।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!