गहरी खाई में गिरा झारखंड का युवक, मल्लीताल पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौत के मुंह से खींचकर बचाई जान
July 05, 2026
•
56 views
दुर्घटना
नैनीताल: गहरी खाई में गिरा झारखंड का युवक, मल्लीताल पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौत के मुंह से खींचकर बचाई जान
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में मल्लीताल पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई और साहस का परिचय देते हुए एक युवक को गहरी खाई से सकुशल बाहर निकालकर नई जिंदगी दी। डीएसबी परिसर के समीप हुई इस घटना में पुलिस और फायर कर्मियों की सूझबूझ तथा तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि डीएसबी परिसर के पास एक व्यक्ति अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी कोतवाली मल्लीताल दिनेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में मल्लीताल पुलिस और फायर सर्विस की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर गहरी खाई, अंधेरा और दुर्गम रास्तों जैसी चुनौतियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने हिम्मत नहीं हारी। जवानों ने रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जांच में सामने आया कि युवक अत्यधिक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरा।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान हेरमन ठिठियो (35 वर्ष) पुत्र अंतोनिस ठिठियो, निवासी डुम्बरपाठ, गुरदरी, जिला गुमला, झारखंड के रूप में हुई है।
बताया गया कि वह पिछले कुछ वर्षों से तल्लीताल क्षेत्र स्थित लोकभवन तिराहे के पास एक चर्च में कार्यरत है।
रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल पुलिस वाहन से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने युवक की स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। उपचार के बाद पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
रेस्क्यू अभियान में शामिल टीम:
* दिनेश चंद्र जोशी, प्रभारी कोतवाली मल्लीताल
* कांस्टेबल अरविंद चंद
* कांस्टेबल शाहिद
* कांस्टेबल (चीता मोबाइल) सुखदेव
* कांस्टेबल विजेंद्र धामी
* मल्लीताल फायर स्टेशन की टीम
इस सफल रेस्क्यू अभियान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि विपरीत परिस्थितियों में भी पुलिस और फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी और मानवीय संवेदनाएं लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती हैं।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!