वीकेंड पर कैंची धाम में नया ट्रैफिक प्लान लागू, टैक्सी दोपहिया वाहनों की एंट्री बंद
May 23, 2026
•
48 views
जनहित
नैनीताल: कैंची धाम में वीकेंड पर बढ़ती भीड़ और लगातार लग रहे जाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। अब शनिवार और रविवार को कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी दोपहिया वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा जारी प्लान के अनुसार टैक्सी दोपहिया वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा। वहां से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।
पुलिस के मुताबिक वीकेंड पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से भवाली-कैंची मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा था। खासकर दोपहिया टैक्सी वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले निजी वाहनों के लिए भी विशेष पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। भीमताल मार्ग से आने वाले वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा, जबकि गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए मंदिर पहुंचाया जाएगा।
ट्रैफिक प्लान के तहत अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं आवश्यक सेवा के भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से गुजरने की अनुमति रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वीकेंड के दौरान जारी ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!