नैनीताल में बिना और फोल्डिंग नंबर प्लेट वाली बाइकों पर पुलिस का शिकंजा, 20 वाहन सीज
July 04, 2026
•
68 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल में बिना और फोल्डिंग नंबर प्लेट वाली बाइकों पर पुलिस का शिकंजा, तल्लीताल पुलिस ने अब तक 20 वाहन किए सीज
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में बिना नंबर प्लेट और फोल्डिंग नंबर प्लेट लगाकर नियमों को धता बताने वाले बाइक चालकों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। तल्लीताल पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग अभियान के दौरान एक और बाइक को सीज कर कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
शुक्रवार को तल्लीताल डांठ क्षेत्र में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक बाइक को रोककर जांच की। जांच में बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं पाई गई। पूछताछ में चालक की पहचान पंतनगर निवासी प्रियांशु डिमरी के रूप में हुई। पुलिस ने बाइक संख्या यूके-06 बीएल-3065 को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
तल्लीताल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि बिना नंबर प्लेट और फोल्डिंग नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक तल्लीताल पुलिस ऐसे 20 वाहनों को सीज कर चुकी है, जिनमें या तो नंबर प्लेट नहीं लगी थी या फिर फोल्डिंग नंबर प्लेट का उपयोग किया गया था।
उन्होंने कहा कि नंबर प्लेट हटाकर या छिपाकर वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे अपराधों की जांच और वाहन की पहचान करने में भी गंभीर दिक्कतें आती हैं। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाकर ही वाहन चलाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
— गणेश चंद्र कंडपाल
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!