मल्लीताल में भिक्षावृत्ति के खिलाफ अभियान, 20 से अधिक भिक्षुकों को शहर से बाहर भेजा
June 23, 2026
•
45 views
शहर
नैनीताल: मल्लीताल में भिक्षावृत्ति के खिलाफ अभियान, 20 से अधिक भिक्षुकों को शहर से बाहर भेजा
नैनीताल। पर्यटन सीजन के बीच मल्लीताल क्षेत्र में सक्रिय भिक्षुकों के खिलाफ पुलिस और नगर पालिका प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। सोमवार सुबह चलाए गए अभियान के दौरान 20 से अधिक भिक्षुकों की पहचान कर उनका सत्यापन किया गया और उन्हें पालिका के वाहन से हल्द्वानी की ओर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही करीब 50 से अधिक भिक्षुक नैनीताल पहुंच गए हैं। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों और बाजार क्षेत्रों में लोगों से रुपये मांगने के कारण पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं रात के समय कई भिक्षुक रिक्शा स्टैंड, बैंड स्टैंड और खेल मैदान के आसपास डेरा जमाए हुए थे।
सोमवार तड़के मल्लीताल क्षेत्र में पुलिस और पालिका की टीम ने अभियान चलाकर एक दर्जन से अधिक भिक्षुकों से पूछताछ की। उनके आधार कार्डों की जांच की गई तथा सत्यापन संबंधी जानकारी भी ली गई। इसके बाद उन्हें नगर पालिका के वाहन से नैनीताल से बाहर भेजा गया।
कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि शहर में घूम रहे भिक्षुकों को उनके मूल क्षेत्रों की ओर वापस भेजने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि पर्यटन सीजन के दौरान शहर में व्यवस्था बनी रहे।
अभियान में कर निरीक्षक भारत प्रकाश, हिमांशु चंद्रा, हेड कांस्टेबल मनोज जोशी तथा पुलिस कर्मी दिवाकर, विनोद, महेश और कपिल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!