मॉलरोड के रेस्टोरेंट में बिल को लेकर हंगामा, पुलिस की मौजूदगी में कराया गया भुगतान
May 30, 2026
•
91 views
शहर
नैनीताल: मॉलरोड के रेस्टोरेंट में बिल को लेकर हंगामा, पुलिस की मौजूदगी में कराया गया भुगतान
पर्यटन नगरी नैनीताल में घूमने आए हरियाणा के तीन युवकों की हरकत बृहस्पतिवार देर रात मॉलरोड पर चर्चा का विषय बन गई। खाना खाने के बाद रेस्टोरेंट का बिल न चुकाने को लेकर काफी देर तक विवाद चलता रहा, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक मॉलरोड स्थित एक रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे थे। भोजन करने के बाद दो युवक किसी बहाने से बाहर निकल गए, जबकि तीसरा युवक रेस्टोरेंट में ही मौजूद रहा। जब कर्मचारियों ने उससे 860 रुपये का बिल मांगा तो उसने कहा कि उसके साथी पैसे लेकर वापस आ रहे हैं।
रेस्टोरेंट कर्मियों ने काफी देर तक दोनों युवकों का इंतजार किया, लेकिन वे वापस नहीं लौटे। इसके बाद कर्मचारियों ने तीसरे युवक से बिल का भुगतान करने को कहा, जिस पर उसने भी पैसे देने से इंकार कर दिया। कर्मचारियों के अनुसार युवक लगातार अलग-अलग तर्क देकर भुगतान से बचने का प्रयास करता रहा, जिससे दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
मामला बढ़ने पर रेस्टोरेंट प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर रात करीब पौने 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में युवक से रेस्टोरेंट का बकाया बिल जमा कराया गया, जिसके बाद विवाद समाप्त हो गया।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस हस्तक्षेप के बाद युवकों ने रेस्टोरेंट का बिल अदा कर दिया, जिससे मामला शांतिपूर्वक निपट गया।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!