छह विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले से बिगड़ सकती हैं स्वास्थ्य सेवाएं, व्यापार मंडल चिंतित
July 02, 2026
•
19 views
जनहित
नैनीताल: नैनीताल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय से छह अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थानांतरण के विरोध में मां नैना देवी व्यापार मंडल ने स्थानीय विधायक के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजकर तबादला आदेश निरस्त करने की मांग की है। व्यापार मंडल का कहना है कि एक साथ छह विशेषज्ञ डॉक्टरों के स्थानांतरण से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित होंगी, जिसका सीधा असर नैनीताल की जनता और मरीजों पर पड़ेगा।
व्यापार मंडल के सचिव शिवशंकर गुहा मजुमदार द्वारा प्रेषित ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के छह वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एमएस दुग्ताल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र रावत, पैथोलॉजिस्ट डॉ. ममता पांगती, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मोनिका, डॉ. अनिरुद्ध गंगोला और डॉ. वीके मिश्रा शामिल हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि ये सभी चिकित्सक लंबे समय से नैनीताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं तथा स्थानीय परिस्थितियों और मरीजों की आवश्यकताओं से भली-भांति परिचित हैं। इनके अनुभव और विशेषज्ञता के कारण क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
व्यापार मंडल ने कहा कि एक साथ छह विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले से स्थानीय नागरिकों और मरीजों में चिंता का माहौल है। यदि स्थानांतरण आदेश लागू होता है तो अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और लोगों को बेहतर उपचार के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ सकता है।
व्यापार मंडल ने विधायक से हस्तक्षेप कर शासन स्तर पर स्थानांतरण आदेश को निरस्त कराने तथा सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों को यथास्थान बनाए रखने की मांग की है।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!