1 अगस्त से नैनीताल मॉल रोड पर हॉर्न बजाना होगा प्रतिबंधित
July 01, 2026
•
71 views
शहर
नैनीताल: रूसी बाईपास को विकसित किया जाएगा आधुनिक पार्किंग हब के रूप में, झील के चारों ओर लागू होगी सख्त नो-पार्किंग व्यवस्था
नैनीताल, 1 जुलाई। नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं पर्यटक-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 1 अगस्त 2026 से नैनीताल की मॉल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माना सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटक शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने आते हैं, इसलिए ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।
बैठक में तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक के क्षेत्र को प्रभावी नो-पार्किंग जोन के रूप में लागू करने का भी निर्णय लिया गया। पुलिस एवं परिवहन विभाग को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना वैध फिटनेस वाले सरकारी एवं निजी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। 
ऐसे वाहनों को सीज करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में शहर की पार्किंग समस्या के समाधान के लिए रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी। प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, दुकानें तथा सीसीटीवी निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए जिलाधिकारी नैनीताल को विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि नैनीताल की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पर्यटक-अनुकूल बनाया जा सके।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!