लेक ब्रिज चुंगी पर टोल शुल्क को लेकर पर्यटकों और कर्मियों में विवाद, धक्का-मुक्की से मचा हंगामा
July 02, 2026
•
32 views
शहर
नैनीताल: लेक ब्रिज चुंगी पर टोल शुल्क को लेकर पर्यटकों और कर्मियों में विवाद, धक्का-मुक्की से मचा हंगामा
नैनीताल। शहर के लेक ब्रिज चुंगी पर बुधवार को टोल शुल्क वसूली को लेकर पर्यटकों और टोल कर्मियों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। इस दौरान महिला पर्यटकों ने भी जमकर हंगामा किया, जिससे मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार लेक ब्रिज चुंगी पर पहुंची, जहां तैनात कर्मियों ने वाहन सवार पर्यटकों से टोल शुल्क जमा करने को कहा। आरोप है कि पर्यटकों ने शुल्क देने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़कर तीखी बहस और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जिसके बाद मामला धीरे-धीरे शांत हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि लेक ब्रिज चुंगी पर इस प्रकार के विवाद पहले भी सामने आ चुके हैं। उनका आरोप है कि टोल क्षेत्र में बाहरी युवक गाइड के रूप में सक्रिय रहते हैं, जिससे पर्यटकों और कर्मियों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए व्यवस्था में सुधार और उचित कार्रवाई की मांग की है।
इधर, कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!