मालवाहक वाहन के डाले में बैठकर यात्रा करते दिखे बच्चे, आरटीओ ने जांच के दिए निर्देश
July 02, 2026
•
21 views
जनहित
नैनीताल: नैनीताल। नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक मालवाहक वाहन में बच्चों के असुरक्षित सफर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन बच्चे मालवाहक वाहन के पीछे बने डाले में बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के यात्रा करते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक बच्चा डाले के किनारे बने फाटक पर बैठा नजर आ रहा है, जिससे गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो बृहस्पतिवार का है। हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रहे एक छोटा हाथी (मालवाहक) वाहन के पीछे तीन बच्चे खड़े होकर सफर कर रहे थे। वीडियो में एक बच्चा कई बार चलते वाहन से बाहर की ओर झुकता हुआ भी दिखाई दिया।
पहाड़ी क्षेत्र की घुमावदार सड़क पर इस तरह का सफर बेहद खतरनाक माना जाता है।
रास्ते से गुजर रहे कुछ बाइक सवारों ने बच्चों को जोखिम भरी स्थिति में देखकर मालवाहक चालक को रोका और बच्चों को सुरक्षित तरीके से बैठाने को कहा। इसके बाद बच्चों को डाले के भीतर नीचे बैठाया गया।
इस संबंध में अरविंद पांडे ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। संबंधित वाहन की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मालवाहक वाहनों में इस प्रकार लोगों को बैठाकर ले जाना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!