रात को गायब स्कूटी सुबह मिली, मालिक हैरान
June 04, 2026
•
72 views
अपराध
नैनीताल: नैनीताल। सरोवर नगरी में स्कूटी चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। मल्लीताल रिक्शा स्टैंड के पास से मंगलवार शाम गायब हुई स्कूटी बुधवार सुबह उसी स्थान पर वापस खड़ी मिली। हालांकि स्कूटी का लॉक टूटा हुआ था और पेट्रोल भी खत्म मिला, जिससे मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार पूर्व सभासद पवन बिष्ट ने मंगलवार शाम करीब पांच बजे अपनी स्कूटी संख्या यूके-04वाई-5094 रिक्शा स्टैंड के समीप खड़ी की थी। बाजार से लौटने पर स्कूटी वहां नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
बुधवार सुबह जब पवन बिष्ट दोबारा मौके पर पहुंचे तो अपनी स्कूटी को उसी स्थान पर खड़ा देखकर चौंक गए। स्कूटी का लॉक टूटा हुआ था और उसमें पेट्रोल भी नहीं था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि किसी ने रातभर स्कूटी का इस्तेमाल किया और बाद में उसे वापस वहीं छोड़ गया।
एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आवश्यक जांच की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!