Nainital :चिल्ड्रन पार्क भी बना तालाब, बारिश में बह गए जल निकासी के दावे
June 02, 2026
•
3 views
जनहित
नैनीताल: नैनीताल:: सरोवर नगरी में लगातार हो रही बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। रविवार को डीएसए मैदान में जलभराव के बाद उठे सवाल अभी शांत भी नहीं हुए थे कि सोमवार सुबह मल्लीताल स्थित चिल्ड्रन पार्क भी पानी से लबालब नजर आया। पार्क परिसर में भरे पानी ने प्रशासन और नगर पालिका के मानसून तैयारियों के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद डीएसए मैदान और चिल्ड्रन पार्क के कई हिस्सों में पानी भर गया। बारिश थमने के बाद पार्क में पहुंचे बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि कुछ बच्चे पानी के बीच झूलों का आनंद लेते दिखाई दिए, लेकिन पार्क में हुए जलभराव ने सुरक्षा और रखरखाव को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही डीएसए मैदान में जलभराव की तस्वीरें सामने आई थीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हाल के वर्षों में कराए गए विकास कार्यों और जल निकासी व्यवस्था की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे।
अब चिल्ड्रन पार्क में भी पानी भरने से लोगों का कहना है कि बारिश से निपटने के तमाम दावे पहली ही तेज बरसात में धराशायी होते नजर आ रहे हैं।
सबसे अहम बात यह है कि डीएसए मैदान और चिल्ड्रन पार्क दोनों ही नगर पालिका कार्यालय से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। ऐसे में प्रशासनिक मुख्यालय के आसपास ही जलभराव की स्थिति उत्पन्न होना व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी तंत्र को दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में हालात बिगड़ जाते हैं। लोगों ने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!