कालाढूंगी में बड़ा हादसा: मेरठ के पर्यटकों की टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत, 27 घायल
June 18, 2026
•
107 views
दुर्घटना
नैनीताल: नैनीताल घूमकर लौट रहे मेरठ के पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर बुधवार शाम कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर लाल मिट्टी क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चालक समेत 27 लोग घायल हो गए। सभी यात्री आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मेरठ के इस्लामाबाद थाना फैक्ट्री क्षेत्र निवासी पुस्तक विक्रेता नफीस अहमद अपने परिजनों व रिश्तेदारों के साथ टेंपो ट्रैवलर से नैनीताल घूमने आए थे। शाम करीब सात बजे वापसी के दौरान कालाढूंगी पहुंचने से पहले लाल मिट्टी क्षेत्र में वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो ट्रैवलर खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। अंधेरा होने के बावजूद रस्सियों की मदद से खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला गया और सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। 
हादसे में नाजमीन (32) पत्नी शाकिर और फरद बेगम (55) की मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जबकि मामूली रूप से घायल लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
अंधेरा बनने से बचाव कार्य में आई दिक्कत
हादसे के समय अंधेरा हो चुका था, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई। स्थानीय युवाओं और पुलिसकर्मियों ने रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाया। भुवन सिंह मंगोलिया, चंदन पटवाल, रवि आर्या, अंकित आर्या, भीम सिंह रावत और भरत सिंह मेहरा सहित कई स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई।
रामनगर के सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!