आईजी निवेदिता कुकरेती ने संभाली कुमाऊं की कमान, कैंची धाम व्यवस्थाओं का लिया जायजा
June 09, 2026
•
59 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल:: भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), कुमाऊं परिक्षेत्र, नैनीताल का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान और जनसेवा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताएं बताया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद आईजी कुकरेती ने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, साइबर अपराधों की रोकथाम, जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी संसाधनों के उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग और पुलिस कर्मियों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आईजी ने कहा कि आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस, पर्यटन सीजन और बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। 
इसके लिए पार्किंग, शटल सेवा, डायवर्जन प्लान और भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक कार्ययोजना लागू की जाएगी।
उन्होंने मीडिया को जनजागरूकता का महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा की। उनका कहना था कि पुलिस और मीडिया के बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी निवेदिता कुकरेती कैंची धाम पहुंचीं और आगामी मेले व पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, सुरक्षा प्रबंधों, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की और आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
पाहाड़ीस इन इंडिया | Nainital News


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!