सेमीफाइनल में रोमांच का चरम, साहबाद XI और श्याम लाल कॉलेज दिल्ली पहुंचे फाइनल में
June 22, 2026
•
20 views
खेल
नैनीताल: सेमीफाइनल में रोमांच का चरम, साहबाद XI और श्याम लाल कॉलेज दिल्ली पहुंचे फाइनल में
पेनल्टी शूटआउट और सडन डेथ में हुआ फैसला, 24 जून को होगी खिताबी भिड़ंत
100वीं अखिल भारतीय ट्रेडर्स कप हॉकी प्रतियोगिता 2026 के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। पहले सेमीफाइनल में साहबाद XI साहबाद और ऋषि मारकंडे हॉकी क्लब साहबाद के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। ऋषि मारकंडे हॉकी क्लब की ओर से 11वें मिनट में कोहिनूर प्रीत सिंह ने गोल कर बढ़त दिलाई, जबकि 49वें मिनट में हरमनदीप सिंह ने गोल कर साहबाद XI को बराबरी दिला दी।
निर्णय के लिए पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें दोनों टीमों ने 3-3 गोल किए। साहबाद XI की ओर से गुर्दयाल, दीपक और नीरज ने गोल किए, जबकि ऋषि मारकंडे हॉकी क्लब की ओर से गगनदीप ने दो और प्रबजोत सिंह ने एक गोल किया। इसके बाद सडन डेथ में साहबाद XI ने 4-3 से बढ़त बनाते हुए कुल 8-7 से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। सडन डेथ में साहबाद XI के लिए सचिन ने दो तथा गुर्दयाल और नीरज ने एक-एक गोल किया, जबकि मारकंडे की ओर से गगनदीप सिंह ने दो और नवीन ने एक गोल किया।
दूसरे सेमीफाइनल में साईं लखनऊ और श्याम लाल कॉलेज दिल्ली के बीच मुकाबला खेला गया। 
निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल से बराबरी पर रहीं। साईं लखनऊ की ओर से 26वें मिनट में शिवम पटेल ने गोल किया, जबकि 45वें मिनट में नंदकिशोर ने गोल कर श्याम लाल कॉलेज दिल्ली को बराबरी दिला दी।
पेनल्टी शूटआउट में श्याम लाल कॉलेज दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-1 से बढ़त बनाई और मुकाबला 4-2 से अपने नाम कर लिया। दिल्ली की ओर से नंदकिशोर, मोहित और हर्ष ने एक-एक गोल किए, जबकि लखनऊ के लिए गौरव यादव ने एक गोल दागा। इस जीत के साथ श्याम लाल कॉलेज दिल्ली ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
अब प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला 24 जून 2026 को शाम 4:30 बजे साहबाद XI साहबाद और श्याम लाल कॉलेज दिल्ली के बीच खेला जाएगा।
प्रतियोगिता निदेशक राजेश चौधरी रहे। तकनीकी अधिकारियों की जिम्मेदारी अमित कटारिया, अमर नेगी, अरविंद पांडे और राहुल राज ने निभाई, जबकि अंपायर मैनेजर पंकज त्यागी रहे। मुकाबलों का संचालन और उद्घोषणा मनोज चौहान द्वारा की गई।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!