वीआईपी दौरे के चलते 19 जून को कैंची धाम-भवाली क्षेत्र में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
June 18, 2026
•
118 views
जनहित
नैनीताल: वीआईपी दौरे के चलते 19 जून को कैंची धाम-भवाली क्षेत्र में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, शटल सेवा से भेजे जाएंगे श्रद्धालु
नैनीताल। 19 जून को प्रस्तावित वीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर कैंची धाम, भवाली और रातीघाट क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
मीडिया सेल, जनपद नैनीताल के अनुसार वीआईपी फ्लीट के जनपद सीमा में प्रवेश से पूर्व अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से कैंची, भवाली और भीमताल आने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर क्वारब पुल और खैरना पुल पर अस्थायी रूप से रोका जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों के साथ अन्य वाहन भी रानीबाग-भीमताल मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
यातायात दबाव बढ़ने पर ज्योलीकोट की ओर से आने वाले वाहनों को भवाली के मस्जिद तिराहे पर रोका जा सकता है। बाहरी राज्यों और जनपदों से भीमताल मार्ग के जरिए कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग, भीमताल में पार्क कराया जाएगा, जहां से उन्हें शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम और भवाली भेजा जाएगा।
वहीं, गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भवाली स्थित सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से भी श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा संचालित की जाएगी। इस दौरान उक्त मार्ग पर दोपहिया टैक्सी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वीआईपी फ्लीट के कैंची धाम से प्रस्थान करने से 10 मिनट पहले शटल वाहनों को शिप्रा पुल पर रोका जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि वीआईपी फ्लीट के आवागमन के दौरान आवश्यकतानुसार निर्धारित मार्गों पर जीरो जोन व्यवस्था भी लागू की जाएगी। लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि जारी डायवर्जन प्लान का पालन कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
– पहाड़ीज़ इन इंडिया न्यूज़ पोर्टल
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!