बीडी पांडे अस्पताल में शराबी का हंगामा, पीआरडी जवानों से हाथापाई
June 17, 2026
•
100 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय में बुधवार को शराब के नशे में धुत एक युवक ने जमकर उत्पात मचाया। युवक ने अस्पताल परिसर में हंगामा करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पीआरडी जवानों से हाथापाई कर दी, जिससे अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय अस्पताल परिसर में एक युवक को बाहर लेटा देख पीआरडी जवान ने उसे उठाने का प्रयास किया और उसकी स्थिति के बारे में पूछताछ की। नींद से जागने पर युवक, जो पहले से ही शराब के नशे में था, वहां मौजूद लोगों से अभद्र व्यवहार करने लगा। जब पीआरडी जवानों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह उनसे उलझ गया और हाथापाई पर उतर आया।
हंगामे के दौरान अस्पताल में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल कर्मियों और पीआरडी जवानों ने मिलकर युवक को काबू किया और एक स्थान पर बैठाकर रखा। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!