बीच सड़क सामान उतारने को लेकर विवाद, युवक और होटल संचालक में धक्कामुक्की
June 06, 2026
•
69 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल। तल्लीताल के शेरवुड क्षेत्र में बीच सड़क वाहन खड़ा कर सामान उतारने को लेकर स्थानीय युवक और एक होटल संचालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर धक्कामुक्की तक पहुंच गई, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होटल से जुड़े वाहन से सड़क किनारे सामान उतारा जा रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक स्थानीय युवक ने बीच सड़क खड़े वाहन को हटाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
स्थानीय युवक का आरोप है कि वाहन हटाने का आग्रह करने पर होटल संचालक ने उसके साथ मारपीट की। वहीं होटल संचालक का कहना है कि युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद शुरू किया और उसके साथ धक्कामुक्की की।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों पक्ष तल्लीताल कोतवाली पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायती पत्र प्राप्त हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!