बॉक्सिंग रिंग निर्माण की मांग, आशाओं ने मांगा 11,500 मानदेय ,कूटा ने उठाए वेतन, नियमितीकरण के मुद्दे
June 06, 2026
•
58 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल: विभिन्न संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपे। पूर्व अध्यक्ष ओलंपिक बॉक्सिंग संघ एवं उत्तराखंड बॉक्सिंग संघ के आजीवन सदस्य मुखर्जी निर्वाण ने फ्लैट्स मैदान में प्रस्तावित बॉक्सिंग रिंग का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग रिंग के अभाव में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की तैयारी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन ने आशा कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 11,500 रुपये करने, कर्मचारी का दर्जा देने, पेंशन व्यवस्था लागू करने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। यूनियन का कहना है कि वर्तमान मानदेय महंगाई के दौर में पर्याप्त नहीं है और विभिन्न मदों का भुगतान भी समय पर नहीं हो पाता।
इधर कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर संविदा प्राध्यापकों का वेतन यूजीसी मानकों के अनुसार 57,700 रुपये करने, लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों एवं प्राध्यापकों के नियमितीकरण के लिए कट-ऑफ तिथि 2026 तक बढ़ाने तथा वरिष्ठ प्रोफेसरों को ग्रेड-15 का लाभ देने की मांग की। संघ ने सात नंबर क्षेत्र में भूस्खलन प्रभावित स्थल के उपचार कार्यों के लिए बजट जारी कर जल्द काम शुरू कराने का भी अनुरोध किया। इस दौरान कूटा पदाधिकारियों ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री को पौधों के फ्लायर भेंट कर सम्मानित किया।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!