एक दिन का टोल या रोज का? चुंगी पर पर्यटक और कर्मियों में भिड़ंत, हाथापाई से लगा जाम
June 03, 2026
•
66 views
शहर
नैनीताल: तल्लीताल स्थित लेक ब्रिज चुंगी पर टोल शुल्क को लेकर पर्यटक और टोल कर्मियों के बीच मंगलवार सुबह जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई, जिससे चुंगी पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े 10 बजे यूपी नंबर की एक कार लेक ब्रिज चुंगी पर पहुंची। टोल कर्मियों ने वाहन चालक से निर्धारित शुल्क जमा करने को कहा, लेकिन चालक ने टोल देने से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि उसने सोमवार को ही टोल शुल्क जमा किया है और वह प्रतिदिन टोल नहीं देगा।
इस पर टोल कर्मियों ने बताया कि चुंगी शुल्क प्रतिदिन के आधार पर लिया जाता है और प्रत्येक दिन नई पर्ची जारी की जाती है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में हाथापाई की नौबत आ गई।
विवाद के चलते चुंगी पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पर्यटक वाहन लेकर मौके से चला गया।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!