प्रशासन सख्त, बारापत्थर से खुर्पाताल तक हटाया अतिक्रमण
May 17, 2026
•
71 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। लोनिवि, विकास प्राधिकरण, जिला पंचायत, नगर पालिका, सिंचाई विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने बारापत्थर से खुर्पाताल तक निरीक्षण कर अवैध स्टॉल, टीन शेड और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई स्थानों से सामान जब्त किया गया, जबकि प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कुछ लोगों ने स्वयं ही अपने स्टॉल हटा लिए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशों के क्रम में सरिताताल और खुर्पाताल क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम ने सड़क किनारे लगे अवैध स्टॉल, अस्थायी ढांचे और टीन शेड हटाते हुए लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
अभियान के दौरान बारापत्थर क्षेत्र से पांच लोगों का सामान जब्त किया गया। 
वहीं सरिताताल और व्यू प्वाइंट के पास लगे अवैध स्टॉल और टीन शेड भी हटाए गए। प्रशासन की टीम पहुंचने से पहले कुछ दुकानदारों और फड़ संचालकों ने अपने सामान और ढांचे स्वयं ही हटा लिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में सभी संबंधित विभागों की संयुक्त टीम लगातार निरीक्षण और कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नैनीताल के पर्यटन क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित अभियान चलाए जाएंगे।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!