सरिताताल झील होगी खाली, एक जुलाई से चलेगा महा सफाई अभियान
May 18, 2026
•
53 views
जनहित
नैनीताल: नैनीताल से ८ किलोमीटर दूर सड़क किनारे स्थित सरिताताल झील की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग हरकत में आ गए हैं। झील से उठ रही दुर्गंध और तेजी से फैल रहे सड़े शैवाल के कारण एक जुलाई से झील को खाली कर व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही झील का क्षतिग्रस्त निकासी गेट भी बदला जाएगा, जिसके लिए नया गेट तैयार किया जा रहा है।
शनिवार को एसडीएम नवाजिश खलिक ने सरिताताल झील का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान झील में फैली गंदगी, सड़े शैवाल और दुर्गंध को देखकर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ललित मोहन कश्यप ने बताया कि एक जुलाई से झील का पानी निकालकर सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। 
अभियान के तहत झील में जमा गाद, शैवाल और अन्य गंदगी को हटाया जाएगा, जिससे झील के पानी की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान निकासी गेट काफी पुराना और क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसे हटाकर नया गेट लगाया जाएगा। नया गेट लगने से भविष्य में झील की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में आसानी होगी।
प्रशासन का कहना है कि सफाई अभियान पूरा होने के बाद सरिताताल झील का वातावरण स्वच्छ और सुंदर बनेगा, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत मिलेगी।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!