नैनीताल में बच्चों को पैसे और खाने का सामान देकर लुभाने का आरोप, संदिग्ध युवक पुलिस हिरासत में
June 29, 2026
•
103 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र स्थित स्टाफ हाउस में शुक्रवार देर रात एक संदिग्ध युवक को छोटे बच्चों को पैसे और खाने-पीने का सामान देकर अपनी ओर आकर्षित करने के आरोप में स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात एक युवक क्षेत्र में घूमते हुए बच्चों को पैसे और खाने-पीने का सामान दे रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक एक छोटी बच्ची के पीछे-पीछे सीढ़ियां चढ़ रहा था, जिस पर परिजनों और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद लोगों ने युवक को रोककर उससे पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम संदीप पुत्र धरम बाबू निवासी ऊंचाहार, जनपद रायबरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उक्त युवक लगभग छह माह पूर्व भी इसी क्षेत्र में देखा गया था।
घटना की सूचना मिलते ही मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई। पुलिस युवक के परिजनों से संपर्क करने और उसके संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से शहर में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं सत्यापन प्रक्रिया को और अधिक सख्त करने की मांग की है। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
✍️ रिपोर्ट: गणेश चंद्र कंडपाल
📲 Follow: Pahadis in India News Portal
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!