तल्लीताल में ओवरलोड पिकअप सीज, चालक का लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए भेजा
June 27, 2026
•
73 views
शहर
नैनीताल: तल्लीताल में ओवरलोड पिकअप सीज, चालक का लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए भेजा
नैनीताल। पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल की सड़कों पर सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए तल्लीताल क्षेत्र में ओवरलोड निर्माण सामग्री ले जा रही एक पिकअप वाहन को सीज कर दिया। पुलिस ने वाहन चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को भी निरस्तीकरण की संस्तुति के लिए संबंधित प्राधिकारी को भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तल्लीताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस टीम तैनात थी। इसी दौरान यूके-04 सीसी-5788 नंबर की एक पिकअप भारी मात्रा में लोहे के गार्डर और अन्य निर्माण सामग्री लेकर भीड़भाड़ वाले मार्ग से गुजरती दिखाई दी। वाहन की स्थिति संदिग्ध लगने पर कोतवाल हरपाल सिंह ने उसे रुकवाकर जांच कराई।
जांच में पाया गया कि पिकअप वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहा था।
पूछताछ में चालक मनोज जोशी ने बताया कि वह निर्माण सामग्री को सीमेंट हाउस क्षेत्र में पहुंचाने जा रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पर्यटन सीजन के दौरान भारी यातायात, संकरी सड़कों और खड़ी चढ़ाई वाले मार्गों पर ओवरलोड वाहनों का संचालन गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वाहन को तत्काल सीज कर दिया तथा चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्तीकरण की संस्तुति के लिए भेज दिया। कोतवाल हरपाल सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फॉलो करें: PahadisInIndia News Portal
गणेश चंद्र कंडपाल

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!