4 जून से नैनीताल में ट्रेंड्स कप हॉकी टूर्नामेंट का आगाज, 32 टीमें लेंगी भाग
May 09, 2026
•
5 views
खेल
नैनीताल: सरोवर नगरी में आगामी 4 जून से प्रतिष्ठित ट्रेंड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएसए पदाधिकारियों ने टूर्नामेंट की तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
डीएसए महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1.50 लाख रुपये तथा उपविजेता को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। अन्य पुरस्कार राशियों में भी बढ़ोतरी की गई है।
हॉकी सचिव चंद्र लाल साह ने जानकारी दी कि अब तक देशभर की 32 टीमों ने टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने की स्वीकृति दे दी है। इनमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, केरल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों की प्रमुख टीमें शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया से इस अखिल भारतीय टूर्नामेंट के आयोजन की मंजूरी मिल चुकी है। प्रतियोगिता में 4 जून से 17 जून तक नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 18 जून से लीग मैच आयोजित होंगे।
इस अवसर पर डीएसए उपाध्यक्ष प्रो. डीएस बिष्ट, त्रिभुवन फर्त्याल और डॉ. मनोज बिष्ट ने ट्रेंड्स कप के इतिहास पर भी प्रकाश डाला। इधर फ्लैट मैदान के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से जारी है और सभी आवश्यक तैयारियां इसी माह पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
पत्रकार वार्ता में उप सचिव खीमाराज देवड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी, शैलेंद्र बर्गली, पवन खनायत, धर्मेंद्र शर्मा, डॉ. संतोष कुमार, हरीश जोशी, रवि जोशी, भारत मेहरा, गुड्डु बिष्ट , देवेंद्र बिष्ट अन्य सदस्य उपस्थित रहे
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!