सड़क नहीं तो वोट नहीं: गहलना-जमीरा के ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की धमकी
March 16, 2026
•
164 views
राजनीति
नैनीताल: भीमताल ब्लॉक के खुर्पाताल क्षेत्र के गहलना, जमीरा और सिल्मोडिया गांवों के ग्रामीण कई वर्षों से मंगोली से सिल्मोडिया होते हुए गहलना तक लगभग 7 किलोमीटर मोटर मार्ग की मांग कर रहे हैं। सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोटर मार्ग के अभाव में गांव तक सामान लाने-ले जाने में परेशानी होती है, वहीं स्कूली बच्चों को भी स्कूल आने-जाने में कठिनाई झेलनी पड़ती है। क्षेत्र में जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है। गांव में किसी के बीमार होने या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों को डोली या घोड़े-खच्चरों के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण इसी रास्ते में चार मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
ग्राम प्रधान कीर्ति आर्या ने बताया कि मोटर मार्ग निर्माण के लिए कई बार विधायक और सांसदों को पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का सर्वे कर पिलर भी गाड़े जा चुके हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि 90 के दशक से गांव के लोग मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
इधर भाजपा नेता हेमचंद आर्य भारी बारिश के बीच करीब सात किलोमीटर पैदल चलकर सिल्मोडिया गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका विरोध करते हुए “रोड नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाए।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और सांसद को संबोधित ज्ञापन भी उन्हें सौंपा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि जमीरा-गहलना मोटर मार्ग से संबंधित दो फाइलें नैनीताल डीएफओ द्वारा देहरादून स्थित नोडल अधिकारी को भेज दी गई हैं। देहरादून में वार्ता के बाद फाइल केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। केंद्र की स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
इस दौरान ग्राम प्रधान कीर्ति आर्या, नवीन सिंह, प्रमोद सिंह, कुंवर सिंह, चंद्रशेखर सिंह कार्की, राधा देवी, बसंती देवी, पुष्पा देवी, हेमा देवी, ममता देवी, भगवती देवी, कमला देवी, मुन्नी आर्या, मंजू देवी, गीता देवी, हरीश गोसामी, मदन सिंह, गोपाल सिंह, हरेंद्र बिष्ट, दीपु कंवाल, दीवान सिंह, महेंद्र अधिकारी, सुरेंद्र सिंह अधिकारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!