नैनीताल झील में सीवर गिरने पर सख्ती, आयुक्त दीपक रावत ने दिए नियमित निरीक्षण के निर्देश
May 09, 2026
•
50 views
जनहित
नैनीताल: नैनीताल झील में सीवर गिरने पर सख्ती, आयुक्त दीपक रावत ने दिए नियमित निरीक्षण के निर्देश
नैनीताल झील में सीवर का पानी गिरने की शिकायतों पर कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने उत्तराखण्ड जल संस्थान को नियमित निरीक्षण और निगरानी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने कहा कि झील की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करने की बजाय प्रतिदिन नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में अधीक्षण अभियंता को एक कार्मिक की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं, जो प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक झील क्षेत्र का निरीक्षण करेगा। निरीक्षण के दौरान जहां भी सीवर का पानी झील में गिरता हुआ पाया जाएगा, उसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचकर सीवर के प्रवाह को तुरंत रोके और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही भविष्य में ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखण्ड जल संस्थान समेत सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!