15 जून तक हर हाल में शुरू होगा कैंचीधाम बायपास: सतपाल महाराज
February 09, 2026
•
40 views
राजनीति
नैनीताल: जनपद नैनीताल में विकास कार्यों को नई गति देते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन में लोक निर्माण विभाग की कुल 12 करोड़ 58 लाख 12 हजार रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 9 करोड़ 45 लाख 99 हजार रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 3 करोड़ 12 लाख 13 हजार रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की प्रक्रिया पर कार्य कर रही है। राज्य के सभी जनपदों में नए पंचायत भवनों का निर्माण और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया गया है। अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) योजना के तहत पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 1,118 लाभार्थी योजना का लाभ ले चुके हैं।
बायपास निर्माण में देरी बर्दाश्त नहीं
विभागीय समीक्षा के दौरान सतपाल महाराज ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंचीधाम बायपास निर्माण कार्य 15 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि 75 मीटर स्पान के प्रस्तावित पुल के निर्माण में यदि विलंब की संभावना हो तो अस्थायी वैलीब्रिज की व्यवस्था कर बायपास को समयसीमा के भीतर यातायात के लिए खोल दिया जाए।
उन्होंने जनपद की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव प्राथमिकता से शासन को भेजने तथा भारी वाहनों के अनुरूप सड़कों का निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 
हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
अतिक्रमण हटाने व भू-कटाव रोकने के निर्देश
सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त गूलों और नहरों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने को कहा। भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
भीमताल की ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव को रोकने, झीलों-नदियों से गाद हटाने तथा नदियों को वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइज करने हेतु आधुनिक मशीनरी खरीदने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
स्वच्छता व होम स्टे गुणवत्ता पर जोर
पंचायतीराज विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कॉम्पैक्टर का उपयोग बढ़ाया जाए और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पर्यटन विभाग को निर्देश दिए गए कि सभी होम स्टे में स्वच्छ शौचालय और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था हो। सरकार होम स्टे योजना के अंतर्गत कमरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी कार्य कर रही है।
बैठक में विधायक सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याएं रखीं। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!