आगरा में रोटरी क्लब नैनीताल का परचम, मंडल 3110 में जीते तीन प्रतिष्ठित अवार्ड
February 09, 2026
•
14 views
सामान्य
नैनीताल: रोटरी क्लब नैनीताल ने रोटरी मंडल 3110 के पब्लिक इमेज सेमिनार में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन प्रतिष्ठित अवार्ड अपने नाम किए हैं। क्लब को सर्वश्रेष्ठ फोटो, सर्वश्रेष्ठ होर्डिंग और सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट वीडियो के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान रोटरी क्लब नैनीताल द्वारा स्थापित ओपन जिम और रोटरी सेल्फी प्वाइंट परियोजना के लिए प्रदान किया गया।
मंडल 3110 के पब्लिक इमेज चेयरमैन वरिष्ठ रोटेरियन विक्रम सयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 फरवरी 2026 को खेलगांव, आगरा में आयोजित वृहद सेमिनार में डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न क्लबों ने बेस्ट फोटो, बेस्ट वीडियो और बेस्ट होर्डिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। इसमें रोटरी क्लब नैनीताल ने उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर तीनों श्रेणियों में अवार्ड प्राप्त कर मंडल में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई।
सेमिनार का आयोजन रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजन विद्यार्थी, नीरव निमेष, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अर्थशास्त्री प्रो. वेद प्रकाश त्रिपाठी तथा भावी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. राजीव मित्तल सहित कई गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। 
नैनीताल से पब्लिक इमेज चेयरमैन रो. विक्रम सयाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। आरती कला केंद्र की बालिकाओं ने मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं बलूनी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने ‘सेवा व बाल श्रम’ विषय पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर सामाजिक संदेश दिया।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजन विद्यार्थी ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा, सच्चाई और विश्व सहचर्य ही रोटरी की वास्तविक शक्ति है। रो. विक्रम सयाल ने कहा कि सेवा को व्यवहार और विचारों में उतारना ही रोटरी की पहचान है। रो. राजीव मित्तल ने रोटरी की सकारात्मक छवि को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन सुभाषिनी पालीवाल एवं अपर्णा पोद्दार ने किया। अंत में डॉ. सुरभि गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
रोटरी क्लब नैनीताल की इस उपलब्धि से क्लब सदस्यों और नगरवासियों में हर्ष का माहौल है।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!