77वां गणतंत्र दिवस नैनीताल जिले में हर्षोल्लास से मनाया
January 26, 2026
•
221 views
सामान्य
नैनीताल: 77वां गणतंत्र दिवस जनपद नैनीताल में पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिलेभर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, प्रभात फेरियां निकाली गईं और देश के वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण कर संविधान के प्रति निष्ठा, एकता और अखंडता की शपथ ली गई।
कुमाऊं कमिश्नरी में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। अनुशासन, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है।
कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सभी को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया गया।
पुलिस लाइन नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। 
विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे तथा तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारियों द्वारा भी ध्वजारोहण कर मिष्ठान्न वितरण किया गया।
मल्लीताल स्थित फ्लैट मैदान में भव्य पुलिस परेड, आकर्षक झांकियां एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि दीपक रावत ने परेड की सलामी ली। उन्होंने बच्चों को संविधान व खेलों के प्रति जागरूक करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पाण्डे, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र सिंह नेगी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। परेड का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल ने किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलेभर में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!