हाईकोर्ट , नैनीताल को धमकी भरा ई-मेल, आईजी कुमायूँ ने किया सुरक्षा घेरा सख्त
February 19, 2026
•
69 views
शहर
नैनीताल: मा० उच्च न्यायालय उत्तराखण्ड को धमकी भरा ई-मेल प्राप्त होने की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गईं और न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देशन में न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चंद्रा तथा अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
न्यायालय परिसर में एंटी-सैबोटाज जांच, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच सुनिश्चित की गई। 
बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश के लिए कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
आईजी कुमायूँ ने निर्देश दिए हैं कि न्यायालय की सुरक्षा का विस्तृत ऑडिट कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की 24×7 मॉनिटरिंग, साइबर सेल द्वारा ई-मेल की तकनीकी जांच तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए राज्य स्तरीय एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर जांच की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!