जिला न्यायालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
February 17, 2026
•
43 views
शहर
नैनीताल: नैनीताल स्थित नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से न्यायिक और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), डॉग स्क्वॉड और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। एहतियातन न्यायालय परिसर को तुरंत खाली कराकर चारों मुख्य द्वार बंद कर दिए गए।
धमकी भरे ईमेल में न्यायालय परिसर में विस्फोटक सामग्री लगाए जाने का दावा किया गया था और न्यायालय प्रशासन को परिसर खाली करने की चेतावनी दी गई थी। संदेश में गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
घटना के बाद पूरे न्यायालय परिसर की सघन तलाशी अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वॉड की मदद से प्रत्येक कक्ष, जज चैंबर, रिकॉर्ड रूम, गलियारों और पार्किंग क्षेत्र की गहन जांच की गई। बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध स्थानों को सैनेटाइज किया। 
फिलहाल तलाशी के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि जांच प्रक्रिया जारी है।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि धमकी को गंभीरता से लिया गया है और ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर टीम भी ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में प्रवेश से पहले सख्त चेकिंग की जा रही है और बिना वैध पहचान पत्र के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
इस घटना से अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों में चिंता का माहौल देखा गया। प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया गया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!