ईरान-इजरायल तनाव के बीच प्रशासन सतर्क, प्रवासियों का जुटाया जा रहा ब्योरा
March 09, 2026
•
71 views
जनहित
नैनीताल: पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। संभावित संकट की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पश्चिम एशिया में रह रहे जनपद के प्रवासी नागरिकों का ब्यौरा एकत्र कर रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बताया कि भारत सरकार द्वारा पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखण्ड सरकार ने भी राज्य के उन प्रवासी नागरिकों का विवरण जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है, जो वर्तमान में पश्चिम एशिया के देशों में रह रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर भारत लौटना चाहते हैं।
शासन के सचिव राजेन्द्र कुमार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों से ऐसे प्रवासी नागरिकों की जानकारी एकत्र की जा रही है, जो पश्चिम एशिया के देशों में निवास कर रहे हैं। इनमें विशेष रूप से संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ईरान, इजरायल, ओमान, लेबनान, इराक, कुवैत और कतर जैसे देश शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन परिवारों के सदस्य इन देशों में कार्यरत या निवास कर रहे हैं और वर्तमान परिस्थितियों के चलते भारत वापस आना चाहते हैं, वे इसकी सूचना जिला प्रशासन को अवश्य दें। प्रशासन द्वारा प्राप्त जानकारी को संकलित कर शासन स्तर पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रवासी नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए समुचित कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। संबंधित परिवारजन टोल फ्री नंबर 1077, 05942-231179, 231178, 05942-231181 तथा मोबाइल नंबर 8272080884 पर संपर्क कर अपने परिजनों का विवरण उपलब्ध करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि प्रवासी नागरिकों की सुरक्षा और सहायता को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन द्वारा प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक समन्वय करते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!