नैनीताल में भव्य होली रंग जुलूस, एक कुंतल रंग से सराबोर हुई सरोवर नगरी
March 02, 2026
•
81 views
मनोरंजन
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में आज श्री रामसेवक सभा द्वारा होली रंग जुलूस का भव्य आयोजन किया गया। जुलूस में एक कुंतल रंग बिखेर कर पूरे नगर को रंगमय कर दिया गया। ऋतुराज बसंत के आगमन और प्रकृति के नवश्रृंगार के इस पावन अवसर पर सभा परिवार ने सभी नगरवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रत्येक प्राणी के जीवन में प्रकृति के सुखद रंग समाहित हों।
रंग जुलूस सभा भवन से प्रारंभ होकर आर्य समाज मार्ग होते हुए मल्लीताल बाजार की विभिन्न गलियों से गुजरता हुआ पुनः सभा भवन पहुंचा। रंगों की बौछार से पूरा नगर सराबोर हो उठा। 
जुलूस में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रंगों के साथ फूलों की होली भी खेली गई, जिससे वातावरण आनंदमय बना रहा।
जुलूस के दौरान होलियारों ने पारंपरिक फाग गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को संगीतमय बना दिया। “बुरांशी का फूला” और अन्य पारंपरिक होली गीतों पर सभी झूम उठे। होलियारों ने पारंपरिक नृत्य भी प्रस्तुत किया।
शाम को विधिवत होलिका दहन एवं पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा । आयोजन ने नगर में प्रेम, सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!