उत्तराखण्ड क्रान्ति दल द्वारा स्वर्गीय विपिन त्रिपाठी की पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
August 30, 2024
•
719 views
धर्म
उत्तराखंड: **स्वर्गीय विपिन त्रिपाठी की पुण्य तिथि पर उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम, उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प**
उत्तराखण्ड क्रान्ति दल की नैनीताल नगर इकाई ने पूर्व विधायक स्वर्गीय विपिन त्रिपाठी की पुण्य तिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण स्मरण किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट डी.के. जोशी द्वारा की गई।
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए पूर्व विधायक नारायण सिंह जन्तवाल ने कहा कि स्वर्गीय विपिन त्रिपाठी जी का बहुआयामी व्यक्तित्व था और वे सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी की मिसाल थे। त्रिपाठी जी का जीवन उत्तराखंडी सरोकारों के लिए समर्पित रहा। उत्तराखण्ड के मुद्दों पर वे स्पष्ट और बेबाक़ी से अपनी बात रखते थे और विधान सभा के भीतर राज्य के दृष्टिकोण को सारगर्भित ढंग से प्रस्तुत करते थे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के संबंध में विपिन त्रिपाठी की सोच आदर्शवादी और कल्याणकारी राज्य की थी। उनका मानना था कि इस हिमालयी राज्य से संपूर्ण भारत में एक आदर्श राज्य के रूप में संदेश जाना चाहिए। लेकिन, दुर्भाग्यवश, आज उत्तराखंड खराब कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महिला अपराध, चोरी, ड्रग्स, खनन, और वन अपराधों के लिए जाना जाता है। चिकित्सा, शिक्षा, सार्वजनिक परिवहन, और जन सुविधाओं का बुरा हाल है। स्थाई राजधानी, मूल निवास, भू कानून जैसे राज्य महत्व के मुद्दों से सरकार का कोई लेना-देना नहीं है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि जिस प्रकार ग़ैरसेन में विधान सभा सत्र आहूत किया गया और कार्यवाही हुई, वह शर्मनाक है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों दल सिर्फ सत्ता की अदला-बदली में लगे हैं और उनके पास राज्य की तरक़्क़ी को लेकर कोई दृष्टिकोण नहीं है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि शासन और प्रशासन की उदासीनता के कारण नैनीताल बड़े संकट में है। भू वैज्ञानिकों द्वारा नैनीताल के संबंध में किया गया सर्वेक्षण चिंताजनक है, और नैनीताल को आज सौंदर्यीकरण की नहीं बल्कि सुरक्षा की आवश्यकता है।
सभी वक्ताओं ने कहा कि एक आदर्श राज्य की स्थापना के लिए स्वर्गीय विपिन त्रिपाठी के विचारों को आत्मसात कर उत्तराखण्ड क्रान्ति दल राज्य के जनसरोकारों के लिए निरन्तर संघर्ष करता रहेगा।
इस कार्यक्रम में पूर्व पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण, एडवोकेट प्रकाश पाण्डे, एडवोकेट विजय पंत, पान सिंह सिज़वाली, अरविंद सिंह, प्रताप सिंह, अम्बादत्त बवारी, चन्द्रप्रकाश साह, नगर अध्यक्ष मनोज साह, एडवोकेट डी.के. जोशी, मदन सिंह, संजय साह आदि उपस्थित थे।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!