सूखाताल ::श्रीरामलीला महोत्सव के दूसरे दिन दर्शकों की जबरदस्त भीड़, राम-सीता स्वयंवर ने मोहा मन
September 24, 2025
•
483 views
सामान्य
उत्तराखंड: श्रीरामलीला महोत्सव के दूसरे दिन दर्शकों की जबरदस्त भीड़, राम-सीता स्वयंवर ने मोहा मन
नैनीताल। आदर्श रामलीला एवं जनकल्याण समिति, सूखाताल द्वारा आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव 2025 के दूसरे दिन का मंचन श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहा। मंगलवार की रात रामलीला मैदान में भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।
द्वितीय दिवस की लीला में कोरस, जनकपुरी आगमन, पुष्प वाटिका, सीता स्वयंवर, शिव पूजन, धनुष यज्ञ और परशुराम–लक्ष्मण संवाद जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग मंचित किए गए। कलाकारों के सजीव अभिनय, आकर्षक पोशाकों और पारंपरिक संगीत ने दर्शकों को रामायण काल के स्वर्णिम युग में पहुंचा दिया।
विशेष रूप से पुष्प वाटिका और धनुष यज्ञ का दृश्य दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहा। जब राम ने शिव धनुष तोड़ा, तो मैदान में जयघोष और तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर भगवान श्रीराम के स्वरूप को नमन किया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रोज़ाना रात 8 बजे से होने वाला यह मंचन 3 अक्टूबर तक जारी रहेगा। आने वाले दिनों में सीता हरण, लंका दहन, रावण वध और श्रीराम राज्याभिषेक जैसे महत्त्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन होगा।
समिति ने नगरवासियों और श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं तथा मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!