Nainital:प्रदर्शन के बीच बारिश भी नहीं रोक सकी आक्रोश, जगह -जगह पर बैरिकेडिंग
May 06, 2025
•
786 views
पर्यटन
उत्तराखंड: नैनीताल में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना के विरोध में मंगलवार को जनआक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर विभिन्न हिंदू संगठनों ने मल्लीताल पंत पार्क में ‘सनातन चिंतन सभा’ आयोजित कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोपी को फांसी देने और उसके घर को ध्वस्त करने की मांग की।
सभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने भगवा ध्वज लेकर जुलूस निकाला। “जय श्रीराम” और “दुर्गा बन, काली बन” जैसे नारों से शहर गूंज उठा। बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी प्रदर्शन में शामिल रहे।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प
जुलूस जब मस्जिद की ओर बढ़ा तो एसबीआई और गोलघर क्षेत्र में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़पें हो गईं। प्रशासन ने मस्जिद की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी। शारदा संघ, बड़ा बाजार, अशोक सिनेमा और पार्किंग क्षेत्र में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
आवागमन बाधित, वाहन बंद
प्रदर्शन के चलते प्रशासन ने रिक्शा, टैक्सी और दुपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी। इससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को भारी असुविधा हुई। कई घंटों तक मल्लीताल क्षेत्र में यातायात ठप रहा।
प्रदर्शन के बीच बारिश भी नहीं रोक सकी आक्रोश
बारिश के बावजूद लोग स्टेट बैंक के सामने डटे रहे और हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे। अंत में प्रदर्शनकारियों ने अपर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा और प्रदर्शन समाप्त किया।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!