नैनीताल नंदा देवी महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धा और उल्लास का अनोखा संगम
September 03, 2025
•
1,064 views
सामान्य
उत्तराखंड: नैनीताल। नंदा देवी महोत्सव ने मंगलवार को चरम पर पहुंचकर श्रद्धा और उल्लास का अनूठा वातावरण बना दिया। सुबह से ही मां नंदा देवी के दर्शन को भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। साफ मौसम ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के उत्साह को दोगुना कर दिया। मंदिर परिसर से लेकर मेला मैदान तक भारी भीड़ के बीच दिनभर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
दोपहर एक बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मेले में बच्चों ने झूलों का भरपूर आनंद लिया और रंग-बिरंगे खिलौनों की खरीदारी की। महिलाओं और युवाओं ने भी मेले में सजे दुकानों से घरेलू सामान, परिधान और आभूषणों की खरीददारी कर मेले की रौनक को और बढ़ाया। व्यापारी साफ मौसम से बेहद खुश नजर आए।
शाम साढ़े छह बजे मां नंदा देवी की पंचआरती का आयोजन किया गया। मंत्रोच्चारण और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर मां से परिवार और समाज की खुशहाली की कामना की। इसके उपरांत राम सेवक सभा में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। लोकनृत्य, भजन और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध कर दिया।
नंदा देवी महोत्सव का यह दिन श्रद्धा और परंपरा के साथ-साथ उल्लास और उत्सव का भी अद्भुत संगम साबित हुआ। पूरा नैनीताल शहर धार्मिक आस्था और मेले की चहल-पहल से सराबोर रहा।
आने वाले दिनों में भी महोत्सव के तहत धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!