नैनीताल के मेट्रोपोल कम्पाउंड में १०४ अवैध क़ब्ज़ों को हटाया जाएगा
May 17, 2022
•
862 views
पर्यटन
उत्तराखंड: नैनीताल के मेट्रोपोल में 104 अवैध निर्माणों को जल्द हटाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने शत्रु संपत्ति पर काबिज अतिक्रमण को चिन्हित कर लिया है। यहां करीब 35 हजार वर्ग मीटर भूमि है। जिसमें से करीब 11 हजार 385 वर्गमीटर भूमि पर बाहरी व्यक्तियों के द्वारा कब्जा कर लिया गया है। जल्द ही इन अवैध कब्जेधारियों को यहां से हटाने की कार्रवाई शुरू होने जा रही है। जिसके लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 2 से 3 दिन में यहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
नैनीताल का मेट्रोपोल उत्तरप्रदेश के महमूदाबाद जिला सीतापुर निवासी राजा मोहम्मद अमीर अहमद खान की संपत्ति थी, जिसे वर्ष 1965 में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रकाशित गजट के आधार पर शत्रु संपत्ति घोषित कर दिया गया था। इसके बाद से ही ये जमीन सरकार के अधीन है। लेकिन समय के साथ यहां खाली भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जे कर लिए। हाल ही में इस भूमि पर बसे अवैध कब्जेधारियों को हटाने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखा गया था। इसी के साथ यह मामला हाईकोर्ट भी पहुंच गया है। ऐसे में प्रशासन भी अब इस संपत्ति से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू करने जा रहा है। जिलाधिकारी धीराज गर्व्याल के अनुसार अवैध कब्जा चिन्हित करने की कार्रवाई चल रही है।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!