तीन सवारी बिठाकर नाबालिग ने चलाई बाइक, पिता पर मुकदमा दर्ज
February 13, 2025
•
658 views
जनहित
उत्तराखंड: तीन सवारी बिठाकर नाबालिग ने चलाई बाइक, पिता पर मुकदमा दर्ज
नैनीताल। पुलिस की सख्ती के बावजूद नाबालिग दोपहिया वाहन चलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। मल्लीताल क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर को तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाना महंगा पड़ गया। पुलिस ने वाहन रोककर जांच की तो चालक नाबालिग निकला। इस पर पुलिस ने किशोर के पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और बाइक सीज कर ₹34,500 का चालान किया।
चेकिंग में पकड़ा गया नाबालिग चालक
बुधवार दोपहर कोतवाली एसआई प्रियंका मौर्य बारापत्थर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थीं। इसी दौरान तीन सवारी बैठाकर आ रही बाइक को रोका गया। पुलिस ने जब चालक से लाइसेंस और अन्य दस्तावेज मांगे तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी उम्र 15 वर्ष बताई और कहा कि वह दसवीं का छात्र है।
पिता ने दोस्त से ली थी बाइक
किशोर ने बताया कि उसके पिता ने यह बाइक अपने दोस्त से चलाने के लिए ली थी, जिसे लेकर वह दोस्तों के साथ घूमने निकल गया। कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर उसके पिता, कुमाऊं विश्वविद्यालय मल्लीताल निवासी प्रकाश भाकुनी, के खिलाफ संगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की अपील – नाबालिगों को न दें वाहन
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें, क्योंकि यह न केवल अवैध है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक साबित हो सकता है।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!