**कुमाऊं विश्वविद्यालय में भारतीय शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम श्रृंखला का समापन
September 10, 2024
•
417 views
मौसम
उत्तराखंड: **कुमाऊं विश्वविद्यालय में भारतीय शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम श्रृंखला का तृतीय अध्याय सफलतापूर्वक संपन्न**
कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के संगीत विभाग में “भारतीय शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम श्रृंखला” के तीसरे अध्याय का सफल आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. गगनदीप होठी द्वारा “के०यू० आई०एफ़०आर०” प्रोजेक्ट के तहत किया गया। इस कार्यक्रम में नई दिल्ली के सुविख्यात कलाकार श्री सौमित्र ठाकुर ने अपना सितार वादन प्रस्तुत किया। उन्होंने सर्वप्रथम राग बसंत मुखारी में आलाप, जोड़ एवं तीन ताल में निबद्ध दो रचनाएँ प्रस्तुत कीं, जिसके बाद राग सूरदासी मल्हार के वादन से कार्यक्रम का समापन किया। उनके साथ तबले पर देहरादून के उभरते तबलावादक श्री चित्रांक पंथ ने संगत की। ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन के ए-ग्रेड कलाकार श्री सौमित्र ठाकुर ने अपने कुशल सितारवादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके वादन में इमदादखानी और मैहर घराने का अद्वितीय समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंग्रेज़ी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एल. एम. जोशी थे। डी.एस.बी. परिसर के अंग्रेज़ी विभाग के छात्र-छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। संगीत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. गगनदीप होठी ने बताया कि इस कार्यक्रम श्रृंखला का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत परंपरा से परिचित कराना और उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ना है।
कार्यक्रम के समापन के अवसर पर बी.एफ.ए. की छात्रा ख़ुशी उप्रेती द्वारा बनाए गए दोनों कलाकारों और मुख्य अतिथि के स्केच पोट्रेट भेंट किए गए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, कला संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. पदम सिंह बिष्ट, डी.एस.डब्ल्यू. प्रो. संजय पंत, प्रो. लता पांडे, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. संजय घिल्डियाल, प्रो. आशीष मेहता, प्रो. नीलू लोधियाल और अन्य शिक्षाविदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!