भुजीयाघाट में भारी बारिश का कहर: स्कूटी सवार दो युवक सैलाब में बहे, नैनीताल मार्ग बंद
August 03, 2025
•
1,214 views
जनहित
उत्तराखंड: शनिवार को हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर भुजीयाघाट के समीप भारी बारिश के चलते बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, पहाड़ी से अचानक आए पानी के तेज बहाव में दो स्कूटी सवार युवक बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों युवक स्कूटी में सवार थे और पानी के तेज बहाव को पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी तेज सैलाब उन्हें बहा ले गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस और स्थानीय लोग युवकों की तलाश में जुटे हुए हैं। देर शाम तक युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
भारी बारिश के कारण सड़क पर मलबा और पानी भर गया है, जिससे हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। भुजीयाघाट से काठगोदाम तक भारी वाहनों और पर्यटकों की गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं। मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने की अपील: प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि जब तक मौसम सामान्य न हो, तब तक पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचें। मौसम विभाग द्वारा अगले 24 घंटे में और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
स्थिति पर नजर: आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों से संयम बरतने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!