चारधाम यात्रा के वैकल्पिक मार्ग पर जिलाधिकारी वंदना सिंह का स्पष्टिकरण
July 14, 2024
•
284 views
जनहित
उत्तराखंड: नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना सिंह ने हाल ही में चारधाम यात्रा के लिए रामनगर होते हुए वैकल्पिक मार्ग के सर्वे पर स्पष्टिकरण दिया है। उन्होंने कहा कि इस रूट के सर्वे को लेकर पूर्व में जो जानकारी फैलाई गई थी, वह भ्रामक और गलत थी, जिससे अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। रामनगर से चारधाम हेतु रूट का मतलब यह नहीं है कि परंपरागत मार्गों से यात्रा बंद होगी या मुख्य मार्ग रामनगर से ही बनेगा।
वास्तविकता यह है कि रामनगर गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण नगर है और यहाँ हर साल बहुत सारे पर्यटक आते हैं। रामनगर से कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न जनपदों के लिए कुछ पुराने वैकल्पिक मार्ग हैं, जिनकी स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण यात्रियों को असुविधा होती है और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है। कुमाऊं के जनपदों से चारधाम यात्रा करने वाले यात्री पहले से ही इन मार्गों का सीमित रूप में प्रयोग करते आ रहे हैं।
वैकल्पिक रूट के सर्वे का उद्देश्य यह है कि दिल्ली और अन्य शहरों से सीधे रामनगर होते हुए आने वाले और कुमाऊं के अन्य जनपदों से चारधाम यात्रा के इच्छुक श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं मिल सकें। इसे चारधाम यात्रा के परंपरागत मार्गों के विकल्प के रूप में न देखकर अतिरिक्त मार्ग के रूप में देखा जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को चारधामों हेतु राज्य के सभी प्रमुख पर्यटक स्थलों से सुविधाजनक प्रवेश मिल सके।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!