शिक्षा-स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन, भीमताल क्षेत्र की समस्याएं उठाईं
April 29, 2025
•
201 views
जनहित
उत्तराखंड: शिक्षा-स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन, भीमताल क्षेत्र की समस्याएं उठाईं
हल्द्वानी, 29 अप्रैल
आज हल्द्वानी सर्किट हाउस में उत्तराखण्ड सरकार के शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को प्रमुख राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा राज्यमंत्री हरीश पनेरु तथा भीमताल विधानसभा के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता नारायण सिंह बर्गली ने शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में भीमताल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षकों की भारी कमी को दूर करने की मांग की गई। साथ ही पीएम श्री राइका पतलोट विद्यालय से निलंबित शिक्षक डॉ. हेमन्त कुमार जोशी को ससम्मान पुनः विद्यालय भेजने की अपील की गई। प्रतिनिधिमंडल ने ओखलकांडा क्षेत्र में खून की जांच और एक्स-रे जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू करने, तथा डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में चिकित्सा उपकरणों की मरम्मत और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग भी की।
पूर्व दर्जा राज्यमंत्री श्री पनेरु ने अस्पताल में वर्षों से कार्यरत उपनल कर्मचारियों के वेतनवृद्धि एवं स्थायीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही। उन्होंने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!