अवैध क्लीनिकों पर बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में नशीली दवाइयाँ बरामद
December 18, 2025
•
197 views
अपराध
उधम सिंह नगर: अवैध क्लीनिकों पर बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में नशीली दवाइयाँ बरामद
आईजी कुमाऊँ व स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर दो क्लीनिक सील, दो संचालकों पर NDPS एक्ट में मुकदमा
आईजी कुमाऊँ रेंज एवं स्वास्थ्य सचिव उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में औषधि नियंत्रक विभाग, SOTF कुमाऊँ परिक्षेत्र तथा पुलभट्टा पुलिस द्वारा थाना पुलभट्टा क्षेत्र के ग्राम दोपहरिया में संचालित अवैध क्लीनिकों पर बड़ी संयुक्त कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई दिनांक 17 दिसंबर 2025 की देर सायं की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम दोपहरिया स्थित एक अवैध क्लीनिक (नियर साईं ब्यूटी पार्लर) से 960 कैप्सूल SPASMO तथा 7700 टैबलेट CALMPIK (Alprazolam) बरामद की गईं। क्लीनिक संचालक हर प्रसाद पुत्र मोहन लाल द्वारा दवाइयों से संबंधित कोई वैध बिल या अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए, जिस पर उसके विरुद्ध NDPS Act 1985 के तहत कार्यवाही की गई।
इसी क्रम में उसी क्षेत्र में संचालित एक अन्य अवैध क्लीनिक से 3552 कैप्सूल SPASMO, जिन पर बैच नंबर व मैन्युफैक्चरिंग तिथि काले मार्कर से मिटाई गई थी, तथा 580 टैबलेट CALMPIK बरामद की गईं। 
इस क्लीनिक के संचालक पूरन लाल पुत्र टीका राम के खिलाफ भी वैध दस्तावेज न मिलने पर NDPS Act 1985 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों कार्रवाइयों में कुल 4512 कैप्सूल SPASMO और 8280 टैबलेट CALMPIK (Alprazolam) बरामद की गईं।
इस संयुक्त अभियान में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री नीरज कुमार, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नैनीताल सुश्री मीनाक्षी बिष्ट सहित विभिन्न जनपदों के औषधि निरीक्षक, SOTF टीम तथा पुलभट्टा पुलिस टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध क्लीनिकों और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!