श्री राम सेवक सभा में निर्वाण की होली प्रारंभ
December 22, 2025
•
61 views
शहर
नैनीताल: शहर की प्राचीनतम धार्मिक संस्था श्री राम सेवक सभा (1918) में पोश माह के प्रथम रविवार से परंपरागत निर्वाण की होली (बैठकी होली) का शुभारंभ हुआ। लोक परंपरागत होलियारों के होली गायन से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। विधायक सरिता आर्य, पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, जहूर आलम, संरक्षक घनश्याम साह एवं पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। विधायक सरिता आर्य ने सभी को निर्वाण की होली की शुभकामनाएं दीं।
पोश के पहले रविवार से प्रारंभ होने वाली यह होली रंगों से नहीं, बल्कि शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक होली गायन के माध्यम से मनाई जाती है। इसे भगवान को समर्पित होली माना जाता है, जो आत्मा की शुद्धि और आध्यात्मिक आनंद का प्रतीक है।
यह होली चार चरणों में भैरवी, पहाड़ी, केदार और बसंत रागों पर आधारित होती है तथा गणेश वंदना से प्रारंभ होती है।
होली गायन में नरेश चम्याल, सतीश पांडे, अजय कुमार, मनोज पांडे, रक्षित साह, नवीन बेगाना, गिरीश भट्ट, संजू, प्रकाश भट्ट, नीरज सती और राहुल जोशी ने प्रस्तुति दी। “सब सखियांन में राधा”, “मैया के मंदिरवा में”, “शिव शंकर को ध्यान”, “अपने राम को मनाऊं” और “मालिक सीता राम” जैसे होली गीतों से श्रोताओं को भावविभोर किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बावरी, उपसचिव राजेंद्र बिष्ट, प्रबंधक बिमल चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!