नैनीताल में 30वां युगमंच होली महोत्सव 27 फरवरी से स्व. घनश्याम लाल शाह को समर्पित होगा महोत्सव
February 26, 2026
•
57 views
धर्म
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में पिछले तीन दशकों से होली की समृद्ध परंपरा को जीवंत बनाए हुए युगमंच परिवार द्वारा इस वर्ष 30वें होली महोत्सव के आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का महोत्सव विलक्षण खिलाड़ी एवं संस्कृति संरक्षक स्वर्गीय श्री घनश्याम लाल शाह को समर्पित रहेगा।
महोत्सव का शुभारंभ 27 फरवरी को दोपहर 1 बजे से नयना देवी मंदिर परिसर में रंग पड़ने और खड़ी होली के साथ किया जाएगा। सायं 3 बजे रामलीला मंच मल्लीताल में डॉ. देवेंद्र ओली के नेतृत्व में खेतीखान से आमंत्रित कलाकारों द्वारा खड़ी होली का भावपूर्ण गायन एवं मंचन प्रस्तुत किया जाएगा। इस दौरान महिला होल्यारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही युगमंच द्वारा आयोजित बच्चों की होली गायन कार्यशाला में तैयार बाल कलाकारों की प्रस्तुतियां भी मंचित होंगी।
सायंकाल राम सेवक सभा भवन में बैठ होली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नरेश चमियाल एवं हेमंत पंत को सम्मानित किया जाएगा।
महोत्सव के दूसरे दिन 28 फरवरी को अपराह्न 1 बजे बीएम शाह ओपन एयर थिएटर में महिलाओं की बैठ होली का भव्य आयोजन होगा।
कार्यक्रम में 15 महिला दल होली गायन एवं स्वांग प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर श्रीमती गीता नैनवाल एवं श्रीमती पार्वती उप्रेती को महिला होल्यारों के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
1 मार्च को नैनीताल समाचार, तल्लीताल में बैठकी होली का आयोजन होगा, जिसमें श्री अजय कुमार ‘अज्जू’ को सम्मानित किया जाएगा।
छलड़ी के दिन 4 मार्च को शारदा संघ से आशीष होली जुलूस प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करेगा। महोत्सव का समापन 5 मार्च को सायं 4 बजे पुनः नयना देवी मंदिर परिसर में ठाड़ी होली गायन के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शारदा संघ के प्रो. देवेंद्र बिष्ट, चंद्र लाल शाह, मनोज बिष्ट ‘गुड्डू’ सहित युगमंच के जहूर आलम, डी.के. शर्मा, भास्कर बिष्ट, नवीन बेगाना, मनोज कुमार, रफत आलम, अदिति खुराना, कनिका रावत एवं हिमांशु पांडे सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!