अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी यात्री बस, 7 की मौत, 12 घायल
December 30, 2025
•
101 views
दुर्घटना
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद में सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण से रामनगर की ओर जा रही एक यात्री बस भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर शिलापानी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस पहाड़ी मोड़ पर अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क से फिसलकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस, प्रशासन तथा राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्गम स्थल होने के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल भिकियासैंण और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रशासन की ओर से सभी घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि बस में कुल 19 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतकों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं, जिनमें कुछ बुजुर्ग यात्री भी बताए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा मृतकों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी गई है।
इधर, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्राप्त हो तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति मिले। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी यात्रियों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं इस पूरे प्रकरण की लगातार निगरानी कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। प्रशासन की ओर से घटना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और भविष्य में इस मार्ग पर ऐसे हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।
Comments
0 voicesLog in or sign up to comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!